गिरफ्तारी और हमलों के बावजूद देशभर में तिरंगा लेकर यात्रा जारी रखूंगा: अभिजीत दीपके

राष्ट्रीय
Spread the love

कोच्चि, सात नवंबर (ए) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को कहा कि वह गिरफ्तारी और हमलों के बावजूद देशभर में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा जारी रखेंगे।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर लोगों के खान-पान, निजी संबंधों और मतदान के अधिकारों को नियंत्रित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

दीपके ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉजपा के ‘जंतर-मंतर एट कोच्चि’ अभियान के तहत आयोजित विरोध सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली स्थापित होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने दिल्ली में राष्ट्रीय ध्वज लेकर जंतर-मंतर में प्रवेश करने के आरोप में कॉजपा नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका के साथ अपनी गिरफ्तारी का जिक्र करते हुए कहा कि वह जहां भी जाएंगे, तिरंगा लेकर जाएंगे।

उन्होंने कहा, ”इस तिरंगे को फहराने के लिए मुझे जेल भेज दिया गया। मेरे दो भाइयों सौरव और आशु को भी इसे फहराने के लिए जेल भेजा गया। भारत में ऐसा आखिरी बार तब हुआ था, जब हम अंग्रेजों के शासन के अधीन थे।”

उन्होंने मोदी सरकार की तुलना ब्रिटिश शासन से करते हुए आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार लोगों की स्वतंत्रता सीमित करने की कोशिश कर रही है।

कॉजपा संस्थापक ने कहा, “मैं नरेन्द्र मोदी को बताना चाहता हूं कि मैं इस तिरंगे को देश के हर हिस्से में लेकर जाऊंगा। अगर आप मुझे गिरफ्तार करना चाहते हैं, तो दिल्ली, महाराष्ट्र, केरल या तमिलनाडु में गिरफ्तार कर सकते हैं। मुझे देश के हर हिस्से से गिरफ्तार कीजिए, लेकिन मैं फिर लौटूंगा और इस तिरंगे को फहराऊंगा।”

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धीरे-धीरे यह नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है कि लोग क्या खाएं, किससे शादी करें और किसे वोट दें।

दीपके ने कहा, “पहले वे (केंद्र सरकार) यह नियंत्रित करना चाहते थे कि आप क्या खाएं, फिर यह कि आप किससे शादी करें और किससे प्रेम करें और अब वे इस हद तक पहुंच गए हैं कि यह तय करना चाहते हैं कि आप किसे वोट दें।”

उन्होंने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया का इस्तेमाल चुनावी नतीजों को प्रभावित करने के लिए किया जा रहा है।

कॉजपा संस्थापक ने कहा कि देश की स्थापना तीन नेताओं- बी आर आंबेडकर, महात्मा गांधी और जवाहरलाल नेहरू के आदर्शों पर हुई थी।

उन्होंने महात्मा गांधी को भारत की आत्मा, आंबेडकर को रीढ़ और नेहरू को मस्तिष्क बताते हुए कहा कि मोदी का कद इन तीनों नेताओं से बड़ा होने का नहीं है।

दीपके ने कहा, “आप 120 साल तक भी सत्ता में बने रहें, तब भी कभी आंबेडकर, गांधी और नेहरू से बड़े नहीं हो पाएंगे।”