बेंगलुरु, तीन जून (ए)।कर्नाटक में आज कांग्रेस नेता डी. के. शिवकुमार ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने शिवकुमार को लोक भवन के ‘ग्लास हाउस’ में आयोजित एक सादे समारोह में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। डी के शिवकुमार ने हाथ में संविधान की प्रति लेकर मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।डीके शिवकुमार के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने शिवकुमार मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। उनके बाद कांग्रेस विधायकों– के एच मुनियप्पा, के जे जॉर्ज, एम बी पाटिल और रामलिंगा रेड्डी ने मंत्री पद की शपथ ली। इनके अलावा कांग्रेस विधायकों सतीश जारकीहोली, कृष्णा बायरे गौड़ा, प्रियंक खड़गे और यू टी खादर ने भी मंत्री पद की शपथ ली। ईश्वर खंड्रे, यतींद्र सिद्धारमैया, बिरथी सुरेश और डॉ. शरण प्रकाश पाटिल ने मंत्री पद की शपथ ली।
इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और पार्टी के राज्य प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ पूर्व सीएम सिद्दारमैय्या समेत कई अन्य नेता शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। शपथ लेने से पहले डीके शिवकुमार ने सभी नेताओं का मंच पर गुलदस्ता देकर स्वागत किया।