नयी दिल्ली: 23 फरवरी (ए
) दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र में काम से संबंधित विवाद के बाद 28 वर्षीय फैक्टरी मालिक की कुछ लोगों ने कथित रूप से चाकू गोदकर हत्या कर दी। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 20 फरवरी को रात करीब 8.30 बजे हुयी, जब चौधरी एंटरप्राइजेज नामक इकाई के सह-मालिक रवि अपनी फैक्टरी से मोटरसाइकिल पर निकल रहे थे।इसी बीच कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और उसके बाद हमलावर फरार हो गए।पुलिस ने बताया कि संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया और हमलावरों का पता लगाने के लिए कई टीम गठित की गई।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 19 फरवरी को रवि और फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर राहिद उर्फ राहिल के बीच काम को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान रवि ने राहिद को थप्पड़ मार दिया था। इसी अपमान का बदला लेने के लिए राहिद ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पुलिस ने मृतक के भाई रणवीर की शिकायत पर हत्या का केस दर्ज किया था। डीसीपी ने बताया कि एसएचओ मनोज कुमार की देखरेख में गठित टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के जरिए तीन आरोपियों की पहचान कर रविवार को दबोच लिया। इसमें दो की पहचान ऋत्विक और अभय के तौर पर हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू, बाइक और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।