जबलपुर: 19 अक्टूबर (ए) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर पारले की बिस्कुट फैक्टरी में आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद फैक्टरी के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जबलपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी कुशाग्र ठाकुर ने ‘ बताया कि दोपहर तीन बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग, जबलपुर नगर निगम, पारले-जी और कोका-कोला फैक्टरियों, रक्षा प्रतिष्ठानों तथा अन्य नागरिक निकायों की 20 से अधिक गाड़ियों और पानी के टैंकर को आग बुझाने के काम में लगाया गया।
ठाकुर ने कहा, “घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। विभिन्न प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय बहुत अच्छा रहा, जिससे आग बुझाने के अभियान में मदद मिली। पारले के कर्मचारियों ने भी आगे आकर काफी सहयोग किया।”
उन्होंने बताया कि मशीन कक्ष के पास लगी आग बुझा दी गई है, जबकि गोदाम में बिस्कुट और पैक की गई कच्ची सामग्री रखी होने की वजह से लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका है और इसमें समय लगेगा।
ठाकुर के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में फैक्टरी को काफी नुकसान हुआ होगा।
रिछाई थाना पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।
