प्रयागराज,15 अप्रैल (
ए)। यूपी के प्रयागराज स्थित यमुना नगर के करछना में बुधवार शाम पचदेवरा ओवरब्रिज के पास ट्रेन से कटकर पांच लोगों की मौत हो गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
जीआरपी के पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा ने बताया कि आज शाम कालका एक्सप्रेस से कटकर एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी जिसकी वजह से ट्रेन रुक गई थी। इस ट्रेन के यात्री उत्सुकतावश नीचे उतर आए। उन्होंने कहा, ”तभी दूसरे ट्रैक पर पुरुषोत्तम एक्सप्रेस ट्रेन आ गई जिसकी चपेट में आने से चार लोगों की मृत्यु हो गई। अभी तक तीन व्यक्तियों की पहचान हुई।” सहायक पुलिस आयुक्त (करछना) सुनील कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान बिहार के सिवान निवासी बलिराम (36), उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के निवासी सुनील कुमार (24) और फिरोजाबाद के निवासी आकाश (17) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि अन्य दो मृतकों की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए मुर्दाघर में रखवा दिया है। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 12312 कालका मेल प्रयागराज जंक्शन से बुधवार शाम 5:26 बजे रवाना हुई थी। करछना स्टेशन के आगे पचदेरवा के पास कालका मेल के लोको पायलट ने ट्रैक पर एक शव देखा, जिसके बाद करीब 6:15 बजे ट्रेन रोककर कंट्रोल रूम को सूचना दी गई।ट्रेन रुकते ही जनरल कोच के कई यात्री नीचे उतर गए और कुछ लोग रेलवे ट्रैक पर खड़े थे। इसी दौरान करीब 6:45 बजे दूसरी लाइन पर ट्रेन संख्या 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस आ गई और ट्रैक पर मौजूद चार यात्री उसकी चपेट में आ गए।हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और पुरुषोत्तम एक्सप्रेस को भी रोकना पड़ा। सूचना मिलते ही जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।