आश्रम स्कूल से चुपके से निकले पांच छात्र सड़क हादसे का शिकार, दो की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

पालघर: 20 अक्टूबर (ए) महाराष्ट्र के पालघर जिले में एक गांव के मेले से अपने आश्रम स्कूल लौट रहे छात्रों की मोटरसाइकिल फिसलकर सड़क किनारे एक गड्ढे में गिर गई, जिससे उस पर सवार दो लड़कों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार तड़के जवाहर तालुका में हुई। पांचों छात्र सरसुन गांव में नवरात्रि उत्सव में शामिल होने के लिए हीरादपाड़ा गगनगिरी आश्रम स्कूल से चुपके से बाहर निकले थे। घटना के बाद स्कूल के प्रधानाध्यापक, वार्डन और चौकीदार को निलंबित कर दिया गया। जवाहर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया, ‘पांचों छात्र छात्रावास से चुपके से निकलकर एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर गए थे। 19 अक्टूबर को तड़के 2:30 से तीन बजे के बीच स्कूल लौटते समय उनकी मोटरसाइकिल कोंगड़ी घाट पर भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सुमित मोतीराम भिंगल (18) और प्रीतम गणेश पोटिंडा (15) की मौत हो गई जबकि तीन अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।’उन्होंने बताया कि घटनास्थल से गुजर रहे एक मोटर चालक ने जवाहर पुलिस को घटना के बारे में सूचित किया, जिसके बाद पीड़ितों को शुरू में जवाहर के एक अस्पताल ले जाया गया जहां उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए नासिक के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि एकीकृत आदिवासी विकास परियोजना (आईटीडीपी) की जांच समिति की रिपोर्ट में सुरक्षा में गंभीर लापरवाही सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार, गैर-आवासीय छात्रों को छात्रावास में प्रवेश की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा, पहले चेतावनी दिए जाने के बावजूद सीसीटीवी कैमरे काम नहीं कर रहे थे।

एक स्थानीय संगठन ने स्कूल के प्रधानाध्यापक, छात्रावास के वार्डन, रात्रि पालि में तैनात चौकीदार और प्रबंधन के न्यासियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की।