मणिपुर हिंसा: मिजोरम में सुरक्षा कड़ी की गई

राष्ट्रीय
Spread the love

आइजोल, 23 जुलाई (ए) मणिपुर में हिंसा के खिलाफ मिजो संगठनों के राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर और एक पूर्व उग्रवादी समूह के बयान के बाद मेइती समुदाय के लोगों के राज्य छोड़ने की खबरों के बीच रविवार को पूरे मिजोरम में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।.

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को तीन विमानों से 78 लोग मणिपुर के लिए रवाना हुए। शनिवार को 65 लोगों ने पड़ोसी राज्य की यात्रा की थी।.उन्होंने बताया कि यह तुरंत स्पष्ट नहीं है कि इनमें से कितने लोग नियमित यात्री थे और कितने डर के कारण यात्रा कर रहे थे क्योंकि ये निर्धारित वाणिज्यिक उड़ानें थीं।

उन्होंने बताया कि मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूर्व उग्रवादियों के एक समूह ने समुदाय को राज्य छोड़ने के लिए कहा था, जिसके बाद मिजोरम के अन्य 41 मेइती लोग सड़क मार्ग से असम के कछार जिले में चले गए।

अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा मणिपुर के 31 मिजो छात्र वहां की मौजूदा स्थिति के कारण मिजोरम लौट आये।

सेंट्रल यंग मिजो एसोसिएशन (सीवाईएमए) और मिजो जिरलाई पावल (एमजेडपी) सहित पांच प्रमुख नागरिक समाज संगठनों के एक समूह ‘एनजीओ कोऑर्डिनेशन कमेटी’ हिंसाग्रस्त मणिपुर में ज़ो जातीय लोगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मंगलवार को राज्यभर में प्रदर्शन करेगा।

एक बयान के अनुसार मिजोरम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने के लिए रविवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की।

इसमें कहा गया है कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेइती लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए उपायों की भी समीक्षा की गई।

शुक्ला ने पुलिस अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिलों, विशेषकर संवेदनशील क्षेत्रों में उचित तैनाती, गश्त और सतर्कता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने किसी भी घटना की स्थिति में त्वरित तैनाती की सुविधा के लिए वाहनों और अधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में आरक्षित बलों की आवश्यकता पर जोर दिया।

बयान के अनुसार डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने आइजोल में उन स्थानों का भी दौरा किया जहां मंगलवार को प्रदर्शन किया जायेगा।

बयान में कहा गया है कि राज्य पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए है।

इसमें कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारी और पुलिसकर्मी मिजोरम के विभिन्न हिस्सों में रहने वाले मणिपुरी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहे हैं।

मिजोरम के गृह सचिव एच लालेंगमाविया ने शनिवार को मेइती समुदाय के नेताओं के साथ बैठक की थी और उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया था।