खाद्य सुरक्षा अधिकारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

जयपुर: 12 अगस्त (ए) राजस्थान में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बुधवार को सलूंबर में एक खाद्य सुरक्षा अधिकारी को 10 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, सलूंबर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में तैनात खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी को रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

परिवादी की गांव डगार में किराने की दुकान और गौण कृषि उपज मंडी, सलूंबर में कोका-कोला की एजेंसी है। उसने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपी सोलंकी निरीक्षण और नमूने लेने के नाम पर उस पर अनावश्यक दबाव बना रहा था।

शिकायत के अनुसार, सोलंकी जुर्माना लगाने, मामला दर्ज करने और जेल भेजने की धमकी देकर साल में दो बार 10-10 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

अधिकारियों ने बताया कि शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी सोलंकी ने परिवादी से 10 हजार रुपये ले लिए थे। इसके बाद एसीबी की टीम ने बुधवार को आरोपी अधिकारी को उसके कार्यालय परिसर में परिवादी से 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।