नयी दिल्ली: 19 नवंबर (ए) उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट इलाके में युधिष्ठिर सेतु पर एक फॉर्च्यूनर गाड़ी और ऑटोरिक्शा की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान ऑटो चालक शाहिद अली और सुरेश शर्मा के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 45 वर्ष है। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना 17 और 18 नवंबर की दरमियानी रात को हुई। हादसे के बाद सभी आठ घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार को दो लोगों ने दम तोड़ दिया।
कश्मीरी गेट थाने में शुरुआत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और 125 (ए) (दूसरों के जीवन को खतरे में डालकर चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दो लोगों की मौत के बाद मामले में धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) भी जोड़ दी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
