डलास (अमेरिका): 11 सितंबर (एपी) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश में होने वाले मध्यावधि चुनाव के मद्देनजर रिपब्लिकन पार्टी के समर्थकों से संसद में पार्टी का बहुमत बचाने के लिए ‘‘बाहर निकलकर मतदान करने’’ की अपील की।
ट्रंप ने डलास में आयोजित पार्टी के दो दिवसीय मध्यावधि चुनाव सम्मेलन के दौरान बृहस्पतिवार को उपराष्ट्रपति जे. डी. वेंस की भी जमकर प्रशंसा की। वेंस ने सम्मेलन में मुख्य भाषण दिया। वेंस के इस भाषण पर खास नजर थी क्योंकि इसे ट्रंप के बाद पार्टी में उनकी संभावित भूमिका के संकेत के रूप में देखा जा रहा था। वेंस ने अभी यह नहीं कहा है कि वह राष्ट्रपति पद का चुनाव लड़ेंगे या नहीं और ट्रंप ने भी अब तक किसी को अपना संभावित उत्तराधिकारी नहीं बताया है। वेंस के हालांकि मंच पर पहुंचते ही भीड़ ने ‘‘जेडी! जेडी!’’ के नारे लगाए।
