गाजियाबाद: 14 नवंबर (ए) गाजियाबाद लगातार तीन दिन से देश के पांच सबसे प्रदूषित जिलों में शामिल है। सरकारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है।
शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 12 नवंबर को 338, 13 नवंबर को 368 और 14 नवंबर को 352 दर्ज किया गया। इस आधार पर इन तीन दिन में गाजियाबाद देश का पांचवां, तीसरा और चौथा सबसे प्रदूषित जिला रहा।
स्थानीय निवासियों ने प्रदूषण के कारण स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं जताईं और सवाल उठाया कि चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (ग्रैप) के तीसरे चरण के तहत लागू किए गए प्रदूषण नियंत्रण के उपाय कितने प्रभावी हैं।
वसुंधरा के रहने वाले देवेंद्र तोमर ने आरोप लगाया कि प्रशासन प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने में नाकाम रहा है।
तोमर ने कहा कि वसुंधरा के सेक्टर 14 और सेक्टर 15 के साथ-साथ इंदिरापुरम के कुछ हिस्सों में अब भी कूड़े के ढेर लगे हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई मिट्टी सड़कों के किनारे जमा कर दी गई है, जिससे धूल प्रदूषण फैल रहा है।
संदीप गुप्ता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जिलाधिकारी और नगर निगम को टैग करके हिंडन पार इलाके में प्रदूषण की ओर उनका ध्यान दिलाया।
एक अन्य निवासी अभिनव सिंह ने आरोप लगाया कि जब प्रदूषण का स्तर बहुत खराब हो जाता है, तब वायु गुणवत्ता मापने वाले स्टेशन काम करना बंद कर देते हैं।
कई स्थानीय निवासियों ने दावा किया कि इंदिरापुरम में वायु गुणवत्ता मापने वाले स्टेशन में दो दिन पहले तकनीकी खराबी आ गई थी।
उन्होंने दावा किया कि उस समय इलाके में प्रदूषण का स्तर कथित तौर पर बहुत अधिक था।
हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी।
उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने कहा कि ग्रैप-3 के प्रतिबंधों का उल्लंघन किए जाने की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद प्रदूषण विभाग ने कार्रवाई की।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की ओर से बनाई गई एक टीम सभी इलाकों में निगरानी कर रही है, ताकि प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
वायु गुणवत्ता मापने वाले बोर्ड पर दर्ज आंकड़ों के अनुसार, गोविंदपुरम, लोनी, न्यू तहसील लोनी, संजय नगर, वसुंधरा और वेव सिटी में प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया।
जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मंदर ने बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए शिक्षा विभाग को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव ने बताया कि ग्रैप-3 लागू होने के बाद से जिले के सभी स्कूलों को नर्सरी से पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों की पढ़ाई हाइब्रिड मोड में कराने का निर्देश दिया गया है।