उत्तर प्रदेश के बलिया में शोभायात्रा के दौरान तेज आवाज में संगीत बजाए जाने के कारण नवजात की मौत

उत्तर प्रदेश बलिया
Spread the love

बलिया (उप्र): 14 नवंबर (ए) उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मुड़ियारी गांव में देवी लक्ष्मी की मूर्ति के विसर्जन के लिए निकाली गई शोभायात्रा के दौरान कथित तौर पर तेज आवाज में संगीत बजाए जाने के कारण 20 दिन की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

बांसडीह के क्षेत्राधिकारी जयशंकर मिश्रा ने बताया कि शुक्रवार को मनियर थाने को सूचना मिली कि रीमा शाह अपनी करीब 20 दिन की बेटी के साथ सो रही थीं, इसी दौरान कुछ लोग तेज आवाज में संगीत बजाते हुए वहां से गुजरे।

पुलिस के मुताबिक शाह ने देखा कि उनकी बेटी रो नहीं रही , जिसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को इसकी जानकारी दी।

पुलिस ने कहा कि बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि संगीत उपकरण भी जब्त कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।