चाईबासा: 14
अप्रैल (ए) झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर अनुमंडल की एक लड़की मानव तस्करों का शिकार हो गई और कथित तौर पर उसे उत्तर प्रदेश में 25,000 रुपये में बेच दिया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि 16-वर्षीय लड़की को उसके खरीदारों ने शारीरिक यातनाएं भी दीं।चक्रधरपुर पुलिस थाना प्रभारी अधिकारी अवधेश कुमार ने सोमवार को ‘ बताया कि लड़की इस साल 20 जनवरी को अपनी बड़ी बहन के साथ स्कूल जा रही थी, तभी कुछ मुद्दों पर दोनों के बीच बहस हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘पीड़िता ने अपनी बड़ी बहन को बीच रास्ते में ही छोड़ दिया और चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन की ओर चल पड़ी। स्टेशन पर लड़की को अकेला देखकर एक अज्ञात दलाल ने उसे अपने जाल में फंसा लिया। आरोपी ने लड़की को नौकरी दिलाने और बेहतर जीवन का झांसा देकर अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया।’
पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘दलाल उसे उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के इनायतपुर ले गया और किशोरी लाल कुइरी नाम के एक व्यक्ति से संपर्क किया।’’
दलाल ने उस व्यक्ति को लड़की के बारे में जानकारी दी, जिसने बदले में अपने पड़ोसी संदीप कुमार से लड़की को बेचने के बारे में संपर्क किया।
पुलिस ने दावा किया, ‘इसके बाद संदीप ने 2.5 डेसिमल जमीन गिरवी रखकर 25,000 रुपये में लड़की को खरीद लिया।’
अवधेश कुमार ने बताया, ‘तकनीकी निगरानी और सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने लड़की का पता लगाया और उत्तर प्रदेश स्थित आरोपियों के घर पर छापा मारकर लड़की को बचाया और संदीप कुमार और किशोरी लाल कुइरी दोनों को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।’
पुलिस को दिए अपने बयान में लड़की ने खुलासा किया कि उसे लगातार शारीरिक शोषण का शिकार होना पड़ा और उसके साथ शारीरिक मारपीट की गई।
दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।