गोरखपुर दुष्कर्म-हत्या मामला: बच्ची के परिवार से मिला सपा प्रतिनिधिमंडल, आर्थिक मदद दी

उत्तर प्रदेश गोरखपुर
Spread the love

गोरखपुर: 30 अगस्त (ए) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद 10 वर्षीय बच्ची की हत्या किये जाने के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम और नगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी सौंपी।

सपा नेताओं ने कहा कि पार्टी न्याय की लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने परिवार को लगातार सहयोग का आश्वासन दिया और कहा कि अगर राज्य में सपा की सरकार बनती है तो परिवार के किसी सदस्य को सरकारी नौकरी दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

मुलाकात के दौरान परिवार ने घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी दी और आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 28 जुलाई की रात हुई थी।

पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया कि आरोपी ने जिला अस्पताल से बच्ची का कथित तौर पर अपहरण किया और उसे करीब 15 किलोमीटर दूर एक श्मशान घाट ले गया, जहां दुष्कर्म करने के बाद उसने बच्ची की हत्या कर दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नदी में फेंक दिया था।

परिवार मूल रूप से आजमगढ़ का रहने वाला है और पिछले चार वर्षों से गोरखपुर में रह रहा था।

परिवार ने बताया कि बच्ची जिला अस्पताल में भर्ती अपनी बड़ी बहन को खाना देने गई थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि मामले के आरोपी सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और अन्य संबंधित कानूनों की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

अधिकारी ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।