जिम ट्रेनर की पीट-पीटकर हत्या, चार लोग हिरासत में

राष्ट्रीय
Spread the love

बेंगलुरु: पांच अक्टूबर (ए) कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कहासुनी के बाद 25-वर्षीय एक जिम ट्रेनर की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान येलहंका के जक्कुरु लेआउट निवासी नंदन के रूप में हुई है। वह सहकारा नगर स्थित एक जिम में ट्रेनर था। पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह केमपापुरा में हुई और हत्या के मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों में विश्वनाथ, शरथ और निशांत जिम में पीड़ित के साथी थे, जबकि अनुष एक क्लाइंट था, जिसे वे सभी ट्रेनिंग देते थे, लेकिन विश्वनाथ उसका निजी ट्रेनर था。पुलिस उपआयुक्त (उत्तर-पूर्व) मिथुन कुमार ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अमृतहल्ली पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित अपने तीन साथियों के साथ रात बिताने के लिए अनुष के घर गया था।शुरुआती जांच का हवाला देते हुए पुलिस ने बताया कि निजी मामलों को लेकर इन लोगों के बीच बहस हुई, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गई और इस दौरान नंदन पर जानलेवा हमला किया गया। इसके बाद नंदन को हेब्बल के एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।