मुंबई: 20 नवंबर (ए) एचसीएल के चेयरमैन शिव नादर और उनका परिवार वित्त वर्ष 2025-26 में देश के सबसे बड़े दानदाता रहे। उन्होंने विभिन्न सामाजिक कार्यों के लिए 2,593 करोड़ रुपये का योगदान दिया। हुरुन इंडिया और एडेलगिव की शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, देश के सबसे अमीर लोगों में शामिल गौतम अदाणी और उनके परिवार का दान 127 प्रतिशत बढ़कर 877 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, मुकेश अंबानी का दान एक प्रतिशत घटकर 620 करोड़ रुपये रहा। वह दानदाताओं की सूची में चौथे स्थान पर रहे।
बजाज परिवार ने सूची में अपना तीसरा स्थान बरकरार रखा। परिवार का दान 42 प्रतिशत बढ़कर 632 करोड़ रुपये हो गया।
‘एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलैंथ्रोपी लिस्ट 2026’ में 219 दानदाता शामिल हैं। इन सभी ने वित्त वर्ष 2025-26 में कुल 11,554 करोड़ रुपये का दान दिया। यह इससे पिछले वित्त वर्ष में दिए गए 10,380 करोड़ रुपये से 11 प्रतिशत अधिक है।
हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद ने कहा कि अर्थव्यवस्था में बढ़ती असमानता को लेकर चिंताओं के बीच यह सवाल अहम है कि समृद्धि का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक कैसे पहुंचाया जाए और उनके लिए अवसर कैसे पैदा किए जाएं।
उन्होंने कहा कि यह सूची इसी दिशा में किए जा रहे प्रयासों का ब्योरा देती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, 19 लोगों ने 100 करोड़ रुपये या इससे अधिक का दान दिया। वहीं, 32 लोगों ने 50 करोड़ रुपये या इससे अधिक और 80 लोगों ने 20 करोड़ रुपये या इससे अधिक का योगदान किया।
साइरस एस पूनावाला और अदार पूनावाला का दान 94 प्रतिशत बढ़कर 336 करोड़ रुपये हो गया। वहीं, सुधीर मेहता और समीर मेहता का दान 77 प्रतिशत बढ़कर 334 करोड़ रुपये रहा।
रिपोर्ट में कहा गया कि ‘इन्फोसिस परिवार’ का कुल दान 920 करोड़ रुपये रहा। इसमें नंदन नीलेकणि, रोहिणी नीलेकणि, एस गोपालकृष्णन, के दिनेश, कुमारी शिबुलाल और एन आर नारायण मूर्ति का योगदान शामिल है।
