न्यूयॉर्क: 20 नवंबर (एपी) मेलानिया ट्रंप एक बार फिर स्क्रीन पर नजर आएंगी, जिसमें वह प्रथम महिला बनने से पहले और बाद के अपने जीवन की कुछ अनकही पहलुओं को बयां कर रही हैं। साथ ही, वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी शादी, बेटे बैरन के साथ अपने रिश्ते और स्पा में बिताए गए एक दिन से मिलने वाले सुकून को भी बताती नजर आती हैं।
‘‘मेलानिया: द सीरीज’’ जनवरी में रिलीज हुए वृत्तचित्र का दो-भाग वाला अगला हिस्सा है, जो 2025 में डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने से ठीक दो हफ्ते पहले के उनके जीवन पर आधारित है। मेलानिया ‘प्राइम वीडियो’ पर रिलीज होने वाली इस सीरीज में ज्यादातर समय स्क्रीन पर दिखती हैं और निर्देशक ब्रेट रैटनर के तीखे सवालों के जवाब देती हैं।
वह अपने बेटे बैरन ट्रंप के बारे में विस्तार से बात करती हैं। मेलानिया (56) के पिता, विक्टर क्नाव्स – जो शायद ही कभी सार्वजनिक रूप से दिखाई देते हैं – भी इसमें नजर आते हैं और बताते हैं कि वह (मेलानिया) एक अच्छी बेटी क्यों हैं। मेलानिया, राष्ट्रपति के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी बात करती हैं और ट्रंप भी अपनी पत्नी से जुड़े कुछ सवालों के जवाब देते हैं।
सीरीज में राष्ट्रपति कहते हैं, ‘‘वह बहुत मजबूत हैं। उन्हें शांति वार्ता की मेज तक लाना आसान नहीं है।’’
प्रथम महिला उस कहानी की कार्यकारी निर्माता हैं, जिसे वह एक ‘‘अनोखी कहानी’’ कहती हैं — पूर्वी यूरोप के स्लोवेनिया के एक छोटे से शहर से उनकी साधारण शुरुआत, फैशन मॉडल के तौर पर उनका करियर, और न्यूयॉर्क के एक महत्वाकांक्षी कारोबारी से उनकी शादी, जो बाद में राष्ट्रपति चुने गए और उन्हें अमेरिका की प्रथम महिला बना दिया।
उन्होंने बृहस्पतिवार रात लिंकन सेंटर में आयोजित एक कार्यक्रम में यह बात कही। वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे, जिन्हें इस सीरीज की एक झलक पहले ही दिखा दी गई थी। उन्होंने कहा कि लोगों को इसमें दिलचस्पी है, और उन्हें यह देखना अच्छा लगता है कि पर्दे के पीछे क्या चल रहा है, आपको क्या-क्या करना पड़ता है, और प्रथम महिला बनने का अनुभव कैसा होता है।
मेलानिया अपनी शादी के बारे में तो बात करती हैं, लेकिन उसमें आई मुश्किलों का जिक्र नहीं करतीं।
वह बताती हैं कि 1998 में न्यूयॉर्क में उनकी मुलाकात डोनाल्ड ट्रंप से हुई और 2005 में फ्लोरिडा में उन्होंने उनसे शादी कर ली।
लेकिन वह इस बात का जिक्र करने से बचती हैं कि उनके रिश्ते में शायद कुछ बुरे पल भी रहे होंगे। जैसे कि राष्ट्रपति के विवाहत्तेर संबंधों की बात (जिससे उन्होंने इनकार किया है), या फिर ऐसी खबरें कि राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मेलानिया ने उनके शादी से पहले के समझौते को फिर से तय करवाया था।
मेलानिया अपनी निजता को प्राथमिकता देती हैं
वह कहती हैं, “मुझे हर समय लोगों के बीच रहने की जरूरत नहीं है। मैं एकांत में ही रहने में बहुत खुश रहती हूं। मैं हमेशा से ऐसी ही रही हूं।’’
एक अन्य मौके पर, वह इस बात से इनकार करती हैं कि वह शर्मीली हैं। वह कहती हैं, “मैं किसी को अपना दोस्त बनाने से पहले काफी सोच विचार करती हूं।’’
उनसे जब पूछा गया कि वह अपनी मानसिक सेहत का ख्याल कैसे रखती हैं, तो मेलानिया ने कहा कि वह भरपूर नींद लेने की कोशिश करती हैं, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि उन्हें औसतन कितने घंटे सोती हैं। वह खुद की देखभाल पर भी काफी ध्यान देती हैं।
उन्होंने कहा, “स्पा से मुझे सुकून मिलता है।’’