मुंबई में भारी बारिश से निचले इलाकों में जल जमाव, ट्रेन सेवाएं प्रभावित

राष्ट्रीय
Spread the love

मुंबई, 24 जून (ए) मुंबई में मंगलवार को मानसून की आवक के बाद रातभर हुई भारी बारिश के कारण बुधवार सुबह उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, निचले इलाकों में पानी भर गया और यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में महानगर के कुछ हिस्सों में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई।

अधिकारियों ने बताया कि महापौर रितु तावड़े बृह्नमुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कर्मियों के साथ किंग्स सर्कल के गांधी मार्केट में जलभराव का निरीक्षण कर रही थीं, तभी बीएमसी का एक सुपरवाइजर खुले नाले में गिर गया, लेकिन उसे तुरंत बचा लिया गया और उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई।

इस इलाके में हुए जलभराव के कारण घंटों तक यातायात बाधित रहा। इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई में मूसलाधार बारिश का अनुमान जताते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़ ने बीएमसी कर्मी के नाले में गिरने का वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा करते हुए महापौर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘यह व्यक्ति आपकी निष्क्रियता और भ्रष्टाचार के गड्ढे में गिर गया है। यह कोई दुर्घटना नहीं है, आपका भ्रष्टाचार रंगे हाथों पकड़ा गया है।’’

सत्तारूढ़ शिवसेना की विधान परिषद सदस्य मनीषा कायंदे ने मुंबई की महापौर रितु तावड़े से नालों की अच्छी तरह सफाई कराने और उनमें से सूखा कचरा हटवाने के प्रयास तेज करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान जलभराव और यातायात संबंधी बाधाओं को रोकने के लिए ये कदम उठाना बेहद जरूरी हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली महायुति सरकार में शामिल शिवसेना की नेता कायंदे ने यह भी कहा कि इस मुद्दे को राजनीतिक नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए और लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।

उन्होंने विधान भवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह राजनीति का नहीं, बल्कि लोगों की समस्याओं के समाधान का विषय है।’’

बृहन्मुंबई महानगरपालिका पर भाजपा और शिवसेना का नियंत्रण है।

बीएमसी की आयुक्त अश्विनी भिडे ने लोगों से मौसम संबंधी परामर्श मानने और आपातकालीन स्थिति में नागरिक नियंत्रण कक्षों से संपर्क करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सभी विभागों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है क्योंकि भारी बारिश जारी रहने की संभावना है, और प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

महापौर तावडे और पूर्व महापौर किशोरी पेडनेकर ने ज़मीनी हालात और जलभराव का जायज़ा लेने के लिए कुछ इलाकों का दौरा किया।

आईएमडी ने मुंबई और उसके आस-पास ठाणे और पालघर ज़िलों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और बिजली कड़कने व तेज़ हवाओं के साथ आंधी-तूफान की भविष्यवाणी की है।

बीएमसी के मुताबिक बुधवार सुबह आठ बजे समाप्त हुए 24 घंटों के दौरान कोलाबा स्थित शहर की वेधशाला में 248 मिमी और सांताक्रूज़ स्थित उपनगरीय वेधशाला में 225 मिमी बारिश दर्ज की गई।

उसने बताया कि पश्चिमी उपनगरों के मालवणी में 340 मिमी और मध्य मुंबई के परेल में इस दौरान 334 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बीएमसी ने बताया कि बाद में बारिश की तीव्रता में कमी आई और सुबह आठ बजे से अपराह्न दो बजे के बीच मुंबई, पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमशः 13 मिमी, छह मिमी और सात मिमी बारिश दर्ज की गई।

दक्षिण-पश्चिम मानसून अपनी सामान्य आगमन तिथि से 13 दिन की देरी से मंगलवार को मुंबई पहुंचा। इसके बाद शहर और उपनगरों में व्यापक पैमाने पर बारिश हुई तथा भीषण गर्मी से राहत मिली।

हालांकि, रातभर हुई बारिश के कारण बुधवार सुबह तक शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया जिससे यातायात प्रभावित हुआ और हजारों लोगों को आने-जाने में परेशानी हुई।

बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि बुधवार तड़के अंधेरी उपमार्ग, हिंदमाता और किंग्स सर्किल इलाकों में जलभराव की सूचना मिली जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और प्रमुख सड़कों पर यातायात बाधित हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि कुछ स्थानों पर रेल पटरियों पर पानी भरने के कारण उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं। अधिकारियों ने हालांकि बताया कि जलस्तर ट्रेन सेवाएं रोकने के लिए निर्धारित खतरे के निशान से नीचे रहा।

कई यात्रियों ने सुबह विशेष रूप से मध्य रेलवे के मार्गों पर ट्रेन सेवाओं में देरी और लोकल ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ होने की शिकायत की।

अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश की वजह से मध्य रेलवे की ‘ट्रांस-हार्बर लाइन’ की सेवाओं पर भी असर पड़ा। तुर्भे और कोपरखैरने स्टेशनों के बीच पानी के तेज बहाव के कारण रेल पटरी के नीचे धंस जाने पर नवी मुंबई में वाशी/पनवेल और ठाणे के बीच सेवाएं प्रभावित हुईं।

मध्य रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि ठाणे-वाशी खंड पर ‘अप लाइन’ को सुबह पांच बजकर छह मिनट पर और ‘डाउन लाइन’ को सुबह पांच बजकर 50 मिनट पर असुरक्षित घोषित कर दिया गया जिससे सुबह के व्यस्त समय में ट्रेन परिचालन प्रभावित हुआ।

उन्होंने बताया कि ‘अप लाइन’ को सुबह सात बजकर 27 मिनट पर बहाल कर दिया गया और इस पर ट्रेन की गति 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक सीमित रखी गई। ‘डाउन लाइन’ को सुबह सात बजकर 35 मिनट पर सुरक्षित घोषित किया गया तथा इस पर ट्रेन को 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की अनुमति दी गई।

अधिकारी ने कहा, ‘‘पानी के अत्यधिक बहाव के कारण रेल पटरी के नीचे की जमीन धंस गई थी।’’

बृहन्मुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट (बेस्ट) के एक प्रवक्ता के अनुसार, सुबह हुई भारी बारिश के कारण 24 से ज़्यादा बस मार्गों पर बसों का रास्ता बदला गया।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बताया कि सुबह आठ बजकर 28 मिनट पर समुद्र में 3.41 मीटर ऊंचा ज्वार आया जबकि शाम सात बजकर 41 मिनट पर 3.35 मीटर ऊंचा ज्वार आने का अनुमान है।

अरब सागर से घिरे मुंबई महानगर में आमतौर पर भारी बारिश और समुद्र में ऊंची लहरें उठने के कारण जलभराव होता है।

शिवसेना की विधान परिषद सदस्य कायंदे ने कहा कि मुंबई में नालों की सफाई जरूरी है, हालांकि भारी बारिश के दौरान कुछ हद तक जलभराव होने की संभावना रहती है।

बीएमसी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में कोलाबा में 248 मिमी बारिश हुई, जो इस इलाके में पूरे जून में होने वाली कुल 542 मिमी बारिश का लगभग 45 प्रतिशत रही। इसी प्रकार सांताक्रूज़ में 225 मिमी बारिश हुई, जबकि इस इलाके में पूरे जून महीने में कुल 537 मिमी बारिश होती है और इस प्रकार एक दिन में पूरे महीने की 42 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई।

बीएमसी ने कहा कि उसके पानी निकालने वाले पंप, स्टॉर्मवॉटर पंपिंग स्टेशन और बाढ़ नियंत्रण प्रणाली कार्य कर रहे हैं। इससे जलजमाव वाले इलाकों से पानी को तेज़ी से निकालने और यातायात सुगम बनाए रखने में मदद मिली।

Oplus_131072