बेटी को साथ ले जाने को लेकर विवाद में पति ने पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की

उत्तर प्रदेश बागपत
Spread the love

बागपत: 21 जून (ए)) उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में छह वर्षीय बेटी को साथ ले जाने को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चांदीनगर थाना क्षेत्र के खैला गांव में हुई इस घटना के संबंध में आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि खैला गांव निवासी राहुल ने करीब आठ वर्ष पहले बिजनौर निवासी मनीषा उर्फ मीरा रानी (28) से प्रेम विवाह किया था।

पुलिस के मुताबिक, दोनों पहले हरिद्वार में एक निजी कंपनी में काम करते थे और विवाह के बाद वे दिल्ली में रहने लगे।

पुलिस ने बताया कि दंपति के दो बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटा मां के साथ रहता था जबकि छह वर्षीय बेटी पिता के पास थी।

चांदीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अतर सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि करीब दो वर्ष पहले घरेलू विवाद होने के बाद मनीषा अपने बेटे को लेकर बेंगलुरु चली गई थी, जहां वह एक निजी कंपनी में काम करती थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी राहुल ने पूछताछ में खुलासा किया कि उसकी पत्नी ऑनलाइन यौनकर्मी के रूप में काम करती थी और उससे बातचीत नहीं करती थी।

पुलिस ने हालांकि इस दावे की पुष्टि नहीं की।

पुलिस ने बताया कि मनीषा शुक्रवार शाम खैला गांव पहुंची थी और शनिवार को जब उसने अपनी बेटी को अपने साथ बेंगलुरु ले जाने की बात कही तो दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान राहुल ने धारदार हथियार से मनीषा पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि घटना के बाद आरोपी ने खुद पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल को हिरासत में ले लिया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चों को साथ ले जाने को लेकर हुए विवाद के बाद हत्या की बात सामने आई है।

उन्होंने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।