ग्वालियर,आठ फरवरी (ए)।मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर में एक सनकी पति ने खाना बनाने से इंकार करने पर अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा पति नशे का आदी है और पत्नी लंबे समय से बीमार रहती हैं, जिसको लेकर दोनों में विवाद रहता था। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना ग्वालियर शहर के थाटीपुर इलाके की है। जहां शनिवार रात 11 बजे के आसपास शराब के नशे में धुत होकर पति सोनू तोमर घर पहुंचा तो उसने पत्नी रुचि तोमर को खाना बनाने की बात कही। पत्नी रुचि तोमर लंबें समय से बीमार रहती थी।
बीमार होने के कारण जब पत्नी रुचि तोमर ने पति सोनू तोमर से खाना बनाने को मना कर दिया तो आरोपी पति सोनू तोमर पत्नी को गाली गलौज करने लगा, जब आरोपी की मां ओर उसके बच्चों ने उसे समझाने का प्रयास किया पर नशे में धुत सनकी पति सोनू ने अवैध हथियार से गोलियां चलाते हुए पत्नी रुचि तोमर की हत्या कर दी।पड़ोसियों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही तत्काल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।मुरार थाना के सीएसपी अतुल सोनी ने कहा कि आरोपी पति सोनू तोमर को गिरफ्तार कर लिया है। अब उससे पूछताछ की जा रही है। 