यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो महिलाओं को साल में तीन गैस सिलेंडर मुफ्त तथा बीस लाख बेरोजगारों को देंगे सरकारी नौकरी:प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश गोरखपुर
Spread the love


गोरखपुर,31 अक्टूबर (ए)। यूपी विधानसभा चुनाव में महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट, फ्री स्‍कूटी, स्‍मार्ट फोन और सरकारी बस में मुफ्त यात्रा के ऐलान के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रविवार को महिलाओं के लिये साल में तीन मुफ़्त गैस सिलेंडर देने का बड़ा वादा किया। प्रियंका ने कहा कि यूपी में हमारी सरकार आई तो महिलाओं को एक वर्ष में रसोई गैस के तीन सिलेंडर बिल्‍कुल मुफ्त दिए जाएंगे। 
गोरखपुर शहर के चंपा देवी पार्क में आयोजित प्रतिज्ञा रैली में प्रियंका ने यूपी और देश भर में महिलाओं का मुद्दा जोरशोर से उठाया। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने का निर्णय लिया है। महिलाएं संवेदनशील और करुणा से भरी होती हैं। वे राजनीति में आएंगी तो बदलाव नज़र आएगा। प्रियंका ने चुनावी वादों की झड़ी लगा दी। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार आई तो मछली पालन को कृषि का दर्जा दिया जाएगा। गुरु मत्‍स्‍येन्‍द्रनाथ विवि की स्‍थापना की जाएगी। किसानों का पूरा कर्जा माफ किया जाएगा। उत्‍तर प्रदेश में पशुओं की समस्‍या का समाधान छत्‍तीसगढ़ की तर्ज पर निकाला जाएगा। 
प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनी तो 20 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। संविदा कर्मियों को नियमित किया जाएगा। चुनाव में कांग्रेस महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट तो दे रही है छात्राओं को फ्री स्‍कूटी और स्‍मार्ट फोन भी देगी। इसके अलावा महिलाओं को साल में तीन सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। सरकारी बस में यात्रा मुफ्त होगी। आशा को 10 हजार रुपए मानदेय मिलेगा। कोई भी बीमार पड़ा तो सरकार 10 लाख रुपए तक का इलाज कराएगी। 
गोरखपुर की धरती पर अपनी दादी इंदिरा गांधी को याद करते हुए प्रियंका ने कहा कि आस्‍था के लिए अपना जीवन दिया। उनके लिए देश से ऊपर कुछ भी नहीं था। उन्‍हें मालूम था कि उनकी हत्‍या होने वाली है। उन्‍होंने मेरे भाई से कहा कि मुझे कुछ हो जाए तो रोना नहीं। उनकी देश और जनता के प्रति आस्‍था थी। आज मैं उन्‍हीं के बल पर खड़ी हूं। हमने आपकी आस्‍था को नहीं तोड़ा। ये प्रतिज्ञा उसी आस्‍था से ले रही हूं। उन्‍होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने कहा था कि उनके शरीर का एक-एक कतरा देश को समर्पित रहेगा। आज कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता खून बहाने को तैयार है। रैली में जुटी भीड़ से गदगद प्रियंका गांधी ने कहा कि हमारे संगठन को कमजोर कहने वाले इस भीड़ को देखें। हमारा संघर्ष जनता का संघर्ष है।