जौनपुर (उप्र): 18 नवंबर (ए)। यूपी के जौनपुर जिले में बुधवार सुबह जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक ने कार से भीड़ में शामिल लोगों को कुचल दिया, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के चक मुस्तफाबाद गांव में दो भाइयों मनोज यादव और महेंद्र यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद है और बुधवार सुबह भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उन्होंने बताया कि इसी दौरान महेन्द्र यादव का बेटा रामकुमार यादव कार लेकर वहां पहुंचा और कथित तौर पर मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ पर चढ़ा दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार की चपेट में आने से अमित यादव (20) और इंदु देवी (40) की मौत हो गई तथा सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक घायलों में से पांच की हालत नाजुक बताई गई है।
अधिकारियों ने बताया कि लोगों को कुचलने के बाद कर बिजली के खंभे से टकराकर पलट गई और उसे चला रहा रामकुमार यादव फरार हो गया।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि सभी घायलों को उपचार के लिए उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।
अधिकारियों के मुताबिक हादसे के बाद जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
