रांची: 18 नवंबर (ए) झारखंड के चतरा जिले में एनटीपीसी के टंडवा संयंत्र में बुधवार को कन्वेयर बेल्ट के निर्माण के दौरान हुए हादसे में कम से कम तीन श्रमिकों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे में हुई मौतों पर शोक व्यक्त करते हुए घटना को बेहद दुखद बताया। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया, ”चतरा स्थित एनटीपीसी के टंडवा संयंत्र में कन्वेयर बेल्ट के निर्माण का काम किया जा रहा था, तभी हुए हादसे में तीन श्रमिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।”
उन्होंने बताया कि हादसे के बारे में अधिक जानकारी जुटाने के लिए पुलिस मामले की जांच कर रही है।
नैथानी ने बताया कि निर्माण कार्य एनटीपीसी द्वारा नियुक्त एक आउटसोर्स कंपनी करा रही थी।
एनटीपीसी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है।
