सियोल: 11 नवंबर (ए) दक्षिण कोरिया में बुधवार सुबह राजधानी सियोल के दक्षिण में स्थित सियोंगनाम शहर में एक यात्री बस ने यातायात सिग्नल पर रुके 30 से अधिक वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे कम से कम 57 लोग घायल हो गए। दमकल अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
सियोंगनाम शहर के प्रशासनिक क्षेत्र ग्योंगगी प्रांत के दमकल विभाग के अनुसार, हादसे में कम से कम 57 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।
विभाग ने बताया कि इनमें से नौ लोग गंभीर रूप से घायल हैं, हालांकि किसी की भी जान को खतरा नहीं है।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि बस 32 वाहन से टकराने के बाद सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई।
घटनास्थल की तस्वीरों में बस डिवाइडर पर चढ़ी दिखाई दे रही है और उसका सामने का शीशा टूट गया है। हादसे में अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
सियोंगनाम में बुंदांग जिले के पुलिस अधिकारी पार्क चांग-गोन ने बताया कि पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है।
उन्होंने बताया कि सांस के जरिए शराब की जांच में चालक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। चालक ने जांचकर्ताओं को बताया कि बस के ब्रेक फेल हो गए थे।
