भारतीय क्रू वाले टैंकर पर अमेरिकी हमले को लेकर भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

राष्ट्रीय
Spread the love

नई दिल्ली,दस जून (ए)।ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल वाले वाणिज्यिक पोत सेटेबेलो पर हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय ने इस मामले में अमेरिका के कार्यवाहक राजदूत जेसन मीक्स को तलब कर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराया है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव (अमेरिका) नागराज नायडू ने जेसन मीक्स को बुलाकर इस हमले पर भारत की गंभीर चिंता से अवगत कराया। यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब ओमान तट के पास हुए हमले में जहाज पर सवार 24 भारतीय चालक दल के सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं। मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमले बेहद चिंताजनक हैं और यह वहां जारी संघर्ष का सीधा परिणाम हैं। बयान में कहा गया, “हम सभी पक्षों से तत्काल तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान के लिए जारी वार्ताओं को सफल बनाने की अपील करते हैं, ताकि क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल हो सके। वाणिज्यिक जहाजों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाने की घटनाएं तुरंत बंद होनी चाहिए तथा अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवागमन और व्यापार बहाल किया जाना चाहिए।”