बिजनौर (उप्र): 23 अक्टूबर (ए) उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की एक नगर पालिका परिषद ने अनूठी पहल करते हुए घरों के आंगन से लुप्त हो रही गौरैया की चहचहाहट वापस लाने को मकान का नक्शा पास कराने के लिए उसका घोंसला बनाना अनिवार्य कर दिया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बिजनौर जिले की स्योहारा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) विजेंद्र सिंह पाल ने बताया कि गौरैया पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है तथा इसके संरक्षण के लिए जागरूकता लाना और इसके लिए सुरक्षित आश्रय स्थल उपलब्ध कराना जरूरी है। नगरपालिका के नए निर्देश के अनुसार, अब नगर क्षेत्र में मकान का नक्शा पास कराने के लिए आवेदक को अपने घर में कम से कम एक घोंसला लगाना होगा।
गौर करने वाली बात है कि भूरे रंग की यह छोटी चिड़िया आधुनिक शहरीकरण और पेड़ों की कटाई जैसे कारणों से आंगन से लुप्त होती जा रही है।
