दुबई: 18 मार्च (एपी) ईरान ने अपने ‘गैस फील्ड’ पर हमले के बाद धमकी दी है कि वह कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में तेल और गैस के बुनियादी ढांचे पर हमला करेगा। ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बुधवार को इस बारे में खबर प्रसारित की।
इजराइल के खिलाफ जारी युद्ध के दौरान ईरान पहले भी इस तरह की धमकियां दे चुका है।
ईरान ने विशेष रूप से सऊदी अरब की ‘समरेफ रिफाइनरी’ और उसके ‘जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स’ को निशाना बनाने की धमकी दी है। उसने संयुक्त अरब अमीरात के ‘अल हसन गैस फील्ड’ और कतर में स्थित पेट्रोकेमिकल संयंत्रों तथा एक रिफाइनरी पर भी हमले की धमकी दी है।
यह घटना फारस की खाड़ी में स्थित ईरान के साउथ पार्स गैस फील्ड और उससे जुड़े बुनियादी ढांचे पर बुधवार को हमले की खबर देने के बाद सामने आई है। इस बीच
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने देश के सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी की मौत को लेकर बुधवार को सार्वजनिक बयान जारी किया।ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी की ओर से जारी बयान में खामेनेई के हवाले से कहा गया कि उन्हें गहरे दुख के साथ लारीजानी की मौत की खबर मिली। उन्होंने उन्हें ‘बुद्धिमान, प्रतिबद्ध व्यक्ति’ और ईरान की राजनीतिक व्यवस्था का एक प्रमुख चेहरा बताया। उन्होंने आगे कहा, ऐसे व्यक्ति की हत्या यह दिखाती है कि वह कितने अहम थे और इस्लाम के दुश्मनों में उनके प्रति कितनी नफरत थी।
सर्वोच्च नेता ने कहा, इस्लाम विरोधियों को यह जान लेना चाहिए कि इस खून से इस्लामी व्यवस्था और मजबूत होगी और हर खून की एक कीमत होती है, जिसे शहीदों के इन अपराधी हत्यारों को जल्द चुकानी होगी।