दुबई: 24 मार्च (एपी) ईरान के शीर्ष सैन्य कमान के प्रवक्ता ने मंगलवार को कहा कि उनके देश की सेनाएं ‘पूर्ण विजय प्राप्त होने तक’ लड़ेंगी।
खातम-अल अंबिया केंद्रीय मुख्यालय के मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी की ये टिप्पणियां अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस घोषणा से संबंधित प्रतीत होती हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच बातचीत जारी है।

हालांकि, ईरान ने किसी भी तरह की प्रत्यक्ष वार्ता से इनकार किया है। ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने ये जरूर कहा है कि वे क्षेत्रीय देशों के समकक्षों से संपर्क में हैं।खातम-अल-अनबिया केंद्रीय मुख्यालय के प्रवक्ता मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही अलीबादी ने कहा कि ईरान की शक्तिशाली सेनाएं देश की अखंडता की रक्षा में गर्वित, विजयी और अडिग हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह संघर्ष पूर्ण विजय प्राप्त होने तक जारी रहेगा।ईरानी सरकारी टेलीविजन के अनुसार, जनरल अलीबादी ने कहा कि हमारी सशस्त्र सेनाएं ईरान की रक्षा में विजयी और दृढ़ हैं तथा पूर्ण विजय तक यह मार्ग जारी रहेगा। हालांकि इस दौरान उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ‘पूर्ण विजय’ का क्या अर्थ है, लेकिन यह अमेरिका के साथ किसी भी संभावित वार्ता में रियायत न देने की चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलिबफ ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका के साथ कोई वार्ता नहीं हुई है। फर्जी खबरों का इस्तेमाल वित्तीय और तेल बाजारों में हेरफेर के लिए किया जा रहा है। ईरान के विदेश मंत्रालय ने बताया कि अब्बास अराघची ने इस सप्ताह अजरबैजान, मिस्र, ओमान, पाकिस्तान, रूस, दक्षिण कोरिया, तुर्किये और तुर्कमेनिस्तान के विदेश मंत्रियों से युद्ध पर चर्चा की है।