कोलकाता: आठ अक्टूबर (ए) कोलकाता हवाईअड्डे को बृहस्पतिवार दोपहर बम की धमकी वाला एक ईमेल मिला, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की गहन तलाशी के बाद यह अफवाह साबित हुई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
ईमेल में दावा किया गया था कि हवाईअड्डे के अंदर बम रखा गया है और वह कभी भी फट सकता है, जिसके बाद सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया।
हवाईअड्डे की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने तुरंत टर्मिनल और अन्य क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हमें दोपहर में कोलकाता हवाईअड्डे पर बम की धमकी के संबंध में एक ईमेल मिला। हमने तुरंत सुरक्षा अधिकारियों को सतर्क किया और हवाईअड्डा परिसर की पूरी तरह जांच की गई। कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। यह फर्जी ईमेल था।’’
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा जांच के दौरान यात्रियों को कुछ क्षेत्रों से दूर कर दिया गया था।
सुरक्षा एजेंसियों ने ईमेल भेजने वाले की पहचान करने और उसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।