नयी दिल्ली: 12 अगस्त (ए) लोकसभा में बुधवार को विभिन्न मुद्दों पर विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही दो बार के स्थगन के बाद दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई, वहीं सदन ने शोर-शराबे के बीच ही खान एवं खनिजों से संबंधित एक विधेयक को पारित कर दिया और एफसीआरए विधेयक को विस्तृत समीक्षा के लिए संसद की संयुक्त समिति को भेजने की मंजूरी दी।
अयोध्या के राम मंदिर से कथित चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर चर्चा और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण कार्यवाही पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने के कुछ मिनट के भीतर ही अपराह्न दो बजे तक स्थगित कर दी गई।
