महाराष्ट्र: कल्याण, डोंबिवली नगर में कुत्तों के काटने के 67 मामले दर्ज

राष्ट्रीय
Spread the love

ठाणे: 14 सितंबर (ए)) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण और डोंबिवली नगर निगम क्षेत्रों में एक दिन में आवारा कुत्तों के काटने के 67 मामले दर्ज किए गए, जिससे स्थानीय निवासियों के बीच दहशत उत्पन्न हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

पिछले कुछ सप्ताह से इस क्षेत्र में कुत्तों के काटने की घटनाएं छिटपुट रूप से हो रही थीं और इसके औसतन प्रतिदिन कुछ मामले सामने आ रहे थे।स्थानीय नगर निकाय की स्वास्थ्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपा शुक्ला ने संवाददाताओं को बताया कि शनिवार को कल्याण और डोंबिवली नगरों में कुत्तों के काटने के 67 मामले सामने आए।

कुत्तों के काटने के मामलों अचानक हुई वृद्धि के चलते सरकारी और निजी अस्पतालों में लोगों की संख्या बढ़ गई।

अधिकारी ने बताया कि ये घटनाएं मुख्यतः कल्याण डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) की सीमा में आवारा कुत्तों की समस्या के कारण हुईं। अधिकारी ने बताया कि सभी मरीजों को रेबीज-रोधी टीके सहित उचित उपचार दिया गया है।

डॉ शुक्ला ने कहा कि केडीएमसी आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए नियमित रूप से बंध्याकरण अभियान चला रहा है।

उन्होंने कहा, ‘हर महीने 1,000 से 1,100 कुत्तों का ऑपरेशन किया जाता है। निगम ने रेबीज-रोधी उपचार की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है। आने वाले समय में हमारे संचालन को मजबूत करने के लिए एक और समर्पित ‘डॉग सेंटर’ की भी योजना है।’

स्थानीय निवासियों ने सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल एवं प्रभावी उपाय किये जाने की मांग की है।