कोलकाता: 26 सितंबर (ए) पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में दो गुटों के बीच झड़प के दौरान एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात मिदनापुर सदर क्षेत्र के हातिहालका में हुई। मृतक की पहचान समशेर खान के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने दावा किया कि खान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ा था, हालांकि पार्टी के नवनियुक्त संगठनात्मक जिला अध्यक्ष सौमेन तिवारी ने इस दावे से इनकार किया है।
कुछ स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि तिवारी की नियुक्ति के बाद पार्टी के दो गुटों के बीच तनाव बढ़ गया था और दोनों पक्षों ने कथित तौर पर धारदार हथियारों, लाठियों और लोहे की रॉड से एक-दूसरे पर हमला किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि खान पर ‘टांगी’ (धारदार हथियार) से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई।
तिवारी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, लेकिन उन्होंने इस बात से इनकार किया कि पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता था।
तिवारी ने कहा, “मुझे जानकारी मिली है कि एक घटना हुई है। जहां तक मेरी जानकारी है, पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता नहीं था।”
