झगड़े के बाद व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या, दो गिरफ्तार

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली: छह जून (ए)) उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के शालीमार बाग इलाके के पास हुए एक झगड़े के बाद एक व्यक्ति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान सौरभ उर्फ टोला और सचिन उर्फ चिद्दी के रूप में हुई है। दोनों को वारदात के बाद भागने की कोशिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि इलाके में हुए झगड़े के दौरान चाकू लगने से घायल एक व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

उसने बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस टीम ने हत्या में शामिल संदिग्धों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और स्थानीय स्तर पर खुफिया सूचनाओं पर काम किया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचनाओं की मदद से पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके इशारे पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया।”

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और उनके आपराधिक रिकॉर्ड का सत्यापन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि हत्या के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।