मनोरंजन डी संसद सुरक्षा सेंध मामले का सरगना हो सकता है: पुलिस

राष्ट्रीय
Spread the love

नयी दिल्ली,22 दिसंबर (ए)।दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को संदेह है कि संसद सुरक्षा सेंध मामले में गिरफ्तार छह लोगों में शामिल मनोरंजन डी षड़यंत्र का सरगना था और “कुछ बड़ा” करके सरकार को संदेश देने के लिए यह साजिश रची गई थी। मामले की जांच से अवगत एक सूत्र ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एक और आरोपी ललित झा ने जांचकर्ताओं को बताया है कि मनोरंजन ने कुछ बड़ा करने के लिए अन्य सदस्यों को प्रेरित किया था और संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की योजना बनाई थी और झा की भूमिका घटना के बात सबूत मिटाने की थी।मनोरंजन को 13 दिसंबर को संसद के अंदर सागर के साथ गिरफ्तार किया गया था। दोनों लोकसभा के सदन में कूद गए थे, जिसके बाद उन्होंने अपने जूतों के अंदर छिपाकर रखी गई रंगीन धुएं वाली ‘केन’ खोल दी थी।

सूत्र ने बताया कि मैसूर का रहने वाला मनोरंजन इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़कर सामाजिक कार्य में लग गया था। उसने बताया कि मनोरंजन बेरोजगार होने के बावजूद कंबोडिया की यात्रा पर गया था।

झा को शुक्रवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने उसे 14 दिन के लिए पुलिस की हिरासत में भेज दिया। पुलिस ने अदालत को बताया कि वह झा का दूसरे आरोपियों से सामना कराना और मामले से संबंधित वैज्ञानिक व डिजिटल सबूत जुटाना चाहती है।

सूत्र के अनुसार, झा ने पुलिस को बताया कि मनोरंजन ने एक साल पहले उसे और अन्य आरोपियों को मैसूर बुलाने के लिए व्हाट्सऐप पर टिकट भेजे थे।

एक और अधिकारी ने कहा कि चिकित्सकों ने शुक्रवार को सभी छह आरोपियों की मनोवैज्ञानिक जांच शुरू की।