बीच सड़क बदमाशों ने कार पर किए ताबडतोड़ 15 से 20 राउंड फायर, हुए फरार,जानें पूरा मामला

राष्ट्रीय
Spread the love

दिल्ली,08 मई (ए)। राजधानी दिल्ली के सुभाष नगर इलाके शनिवार रात मंडी यूनियन के चेयरमैन और उनके भाई पर खुलेआम ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत फैल गई है। वारदात हरिनगर थाना क्षेत्र में हुई है। पुलिस के मुताबिक दोनों इनोवा गाड़ी पर सवार होकर अपने घर दिल्ली के तिहार गांव की तरफ जा रहे थे। फायरिंग की इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिखाई दे रहा है कि सफेद रंग की इनोवा से जा रहे अजय चौधरी की गाड़ी ट्रैफिक में फंस जाती है। तभी स्कूटी सवार तीन युवक आते हैं और कार पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाना शुरू कर देते हैं। ड्राइवर सीट पर बैठा शख्स हाथों से पीछे बैठे शख्स को लगातार नीचे झुकने के लिए कहता है और गाड़ी को रेस देकर आगे बढ़ा देता है। कार फिर रिवर्स आती है और पीछे की तरफ चली जाती है। बता दें कि बदमाशों की ताबड़तोड़ फायरिंग में मंडी यूनियन के चेयरमैन अजय चौधरी और उनके भाई जसवंत दोनों घायल हो गए हैं। उनकी कार पर करीब 15 से 20 बार फायरिंग की गई। पश्चिमी जिले के डीसीपी घनश्याम बंसल के मुताबिक दोनों का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। अब तक गोलीबारी की घटना के पीछे की वजह पता नहीं चल पाई है। इस घटना के पीछे सलमान त्यागी गिरोह का हाथ होने की आशंका भी जताई जा रही है। यह गिरोह फिलहाल जेल में बंद है। अजय चौधरी की इस गिरोह के साथ दुश्मनी चल रही थी। हालांकि, पुलिस अभी घटना के कारणों के बारे में स्पष्ट तौर पर कुछ भी नहीं बता रही है। घटना को लूटपाट के एंगल से भी देखा जा रहा है। पुलिस के मुताबिक घटना के कुछ देर बाद ही काफी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए थे। क्राइम टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर गोलियों के कुछ खोखे भी बरामद किए हैं।आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।