रेस्टोरेंट में मंत्री के भतीजे ने किया ऐसा काम,जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश बरेली
Spread the love

बरेली,12 अक्टूबर (ए)। यूपी के वन और पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण सक्सेना के भतीजे अमित सक्सेना की दबंगई का वीडियो सामने आया है। मंत्री के भतीजे ने प्रेमनगर के एक रेस्टोरेंट में हंगामा किया। साथ ही विरोध करने पर तोड़फोड़ भी की। रेस्टोरेंट संचालक ने आरोप लगाया कि मंत्री के बेटे ने एक लाख रुपए की रंगदारी भी मांगी। इससे 3 महीने पहले अमित ने होमगार्ड को भी पीटा था। फिलहाल तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना मंगलवार रात की है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जनकपुरी में सत्कार रेस्टोरेंट है। रेस्टोरेंट संचालक नरेश कश्यप ने आरोप लगाया कि रोजाना की तरह रेस्टोरेंट बंद हो गया था। रात करीब 10:50 बजे होटल के कर्मचारी साफ-सफाई कर खाना खा रहे थे।नरेश ने बताया कि इसी दौरान अमित सक्सेना उनके होटल में अपने दोस्तों के साथ कार से पहुंचा। उनके साथ आए लोग नशे में लग रहे थे। इस दौरान अमित ने कहा कि कहां है नरेश कश्यप? जब कर्मचारियों ने कोई जवाब नहीं दिया, तो वह देख लेने की धमकी देते हुए उस समय चला गया। नरेश ने आरोप लगाया कि 15 मिनट बाद रात 11 बजे अमित अपने साथियों के साथ फिर पहुंचा। उसने फिर धमकाया और चला गया। इसके बाद तीसरी बार करीब 11:15 बजे फिर वापस कार से अपने साथियों के साथ लौटा और हंगामा करने लगा। गाली-गलौज करते हुए वॉश बेसिन तोड़ दी और काउंटर का सामान बिखरा दिया। उन्होंने बताया कि जब तक वह वहां पहुंचे, तब तक अमित सक्सेना वहां से जा चुका था। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत प्रेमनगर पुलिस से की। नरेश ने बताया कि CCTV में पूरी घटना कैद है। नरेश की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है। रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ के मामले में SP सिटी राहुल भाटी का कहना है कि शिकायत मिली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मंत्री अरुण के भतीजे अमित का यह कोई नया कारनामा नहीं है। वह पहले भी कई बार दबंगई कर चुका है। आरोप है कि इसी साल 5 जून को डेलापीर तिराहे के पास चाय पी रहे होमगार्ड ओमेंद्र को बीच सड़क पीटा था। इतना ही नहीं उसकी वर्दी फाड़ दी थी और उसका सिर फोड़ दिया था। उस वक्त भी मामले की शिकायत पुलिस से हुई थी। लेकिन बाद में मामले में समझौता हो गया था।