हैदराबाद हवाई अड्डे पर यात्री ने गलती से विमान का आपातकालीन दरवाजा छुआ, विमान से उतारा गया

राष्ट्रीय
Spread the love

हैदराबाद: दो अक्टूबर (ए) हैदराबाद में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 35 वर्षीय यात्री ने गलती से विमान के आपातकालीन निकास द्वार का हैंडल छू दिया जिससे सेंसर का अलार्म बज गया। इस घटना के बाद व्यक्ति को विमान से उतार दिया गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को उस समय हुई जब हैदराबाद से कडप्पा जाने वाला विमान राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आरजीआईए) से उड़ान भरने वाला था।

आरजीआईए पुलिस चौकी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘विमान जब खड़ा था, उस दौरान सीट ठीक करते समय यात्री ने गलती से निकास द्वार का हैंडल छू दिया जिससे सेंसर का अलार्म बज गया। विमानन कंपनी के कर्मचारियों ने यात्री को विमान से उतार दिया।’’

यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया गया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के बाद पता चला कि उसने अनजाने में आपातकालीन निकास को छू दिया था। उन्होंने बताया कि यात्री से एक लिखित बयान लिया गया और उसे जाने दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।