देश में कोरोना वायरस के 7 हजार से ज्यादा नये मामले सामने आए

राष्ट्रीय
Spread the love


नई दिल्ली, 09 जून (ए)। भारत में कोरोना वायरस संक्रमण की रफ्तार एक बार फिर लगातार बढ रही है।इस बीच 24 घंटे में 7 हजार 240 नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले 2 मार्च को देश में 7 हजार से ज्यादा नए मामले दर्ज किए गए थे। बुधवार को भारत में कोरोना संक्रमण से 8 मरीजों ने जान गंवाई। महाराष्ट्र और केरल के आंकड़ों ने खासी चिंता बढ़ाई है। दोनों राज्यों में नई मरीजों की संख्या 2 हजार के पार रही।
भाषा के अनुसार, महाराष्ट्र में बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2 हजार 710 नए मामले सामने आए जो करीब चार महीने में सबसे ज्यादा दैनिक मामले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या अब दस हजार के करीब पहुंच गई है, हालांकि महामारी से किसी और मरीज की मौत नहीं हुई है। मुंबई में बुधवार को कोविड-19 के 1 हजार 765 नए मामले दर्ज किए गए, जो 26 जनवरी के बाद से एक दिन में सर्वाधिक हैं। हालांकि, दिन के दौरान संक्रमण के कारण किसी भी मौत की सूचना नहीं मिली है। नागरिक निकाय ने यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र के बाद दैनिक मामलों में सबसे बड़ा इजाफा केरल में देखा गया। दक्षिण भारतीय राज्य में 2 हजार 271 नए मरीज मिले हैं। यहां 6 संक्रमितों की मौत हुई। हालांकि, महाराष्ट्र में इस दौरान कोविड से कोई मौत नहीं हुई।