बस की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत

उत्तर प्रदेश बाराबंकी
Spread the love

बाराबंकी (उप्र): 28 जून (ए) बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक निजी बस की टक्कर से स्कूटी सवार मां-बेटी की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, जहांगीराबाद क्षेत्र के बल्लापुरवा गांव निवासी रीता यादव (42) अपनी बेटी वैष्णवी (20) के साथ स्कूटी से बाराबंकी से अपने गांव लौट रही थीं। उसने बताया कि सद्दीपुर-जहांगीराबाद मार्ग पर अटवा मोड़ के पास क्षेत्र की एक बिस्कुट कंपनी की निजी बस ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ रेफर कर दिया गया। वहां उपचार के दौरान मां-बेटी की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

थाना प्रभारी राम प्रसाद मिश्रा ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।