संदिग्ध जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

तुएनसांग: 13 सितंबर (ए) शराबबंदी वाले राज्य नगालैंड के तुएनसांग जिले में दो दिनों के भीतर कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से नौ लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को कहा कि इन मौतों का परिस्थितिजन्य रूप से मिलावटी या जहरीली शराब के सेवन से संबंध सामने आया है।

दस और 11 सितंबर को तुएनसांग शहर तथा चेंदांग सैडल गांव में इन मौतों की सूचना मिली थी। जिला पुलिस ने एक बयान में कहा, ‘‘मौतों का परिस्थितिजन्य रूप से संदिग्ध मिलावटी या दूषित शराब के सेवन से संबंध पाया गया है।हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया कि अभी तक इस संबंध की निर्णायक रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

बयान में कहा गया कि अधिकतर मामलों में पोस्टमॉर्टम सहित वैज्ञानिक और फॉरेंसिक जांच अभी पूरी नहीं हुई है।

नगालैंड मद्य निषेध अधिनियम, 1989 के तहत पूरे पूर्वोत्तर राज्य में शराब के भंडारण, बिक्री, पीने और उत्पादन पर प्रतिबंध है।

पुलिस को शनिवार को तुएनसांग सिविल अस्पताल में भर्ती लोगों की मौतों में एक जैसी परिस्थितियों की जानकारी मिली। प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतकों में से अधिकांश ने लक्षण दिखाई देने से पहले कथित तौर पर शराब का सेवन किया था। इन लक्षणों में धुंधला दिखाई देना, तेज सिरदर्द, चक्कर आना, मतली और उल्टी शामिल थे।पुलिस ने बताया कि इन नौ लोगों में से एक व्यक्ति कथित तौर पर फंदे से लटका हुआ मिला था और इस मामले की आत्महत्या के रूप में जांच की जा रही है।

एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत के मामले में भी संदिग्ध शराब के सेवन की बात सामने आई है।

इन घटनाओं की सूचना मिलने के बाद तुएनसांग पुलिस ने शहर और चेंदांग सैडल क्षेत्र में व्यापक तलाशी और छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध अनधिकृत या मिलावटी/दूषित शराब की पहचान कर उसे जब्त किया गया।

अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से शराब की लगभग 470 बोतलें और बीयर के कैन जब्त किए गए।तुएनसांग पुलिस मौतों से जुड़ी परिस्थितियों, इस्तेमाल की गई शराब के स्रोत और उसकी प्रकृति का पता लगाने तथा इस घटना के लिए संभावित रूप से जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए गहन जांच कर रही है।