लखनऊ: 26 सितंबर (ए) उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मानसून की गतिविधियां तेज होने से शनिवार को भारी बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
राजधानी लखनऊ में शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटों में 125.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि तेज हवा के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है।
राहत आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद ने बताया कि राज्य के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है और पिछले 24 घंटों में पूरे प्रदेश में सामान्य से 19 गुना अधिक वर्षा हुई है।
लखनऊ में शुक्रवार देर रात करीब एक बजकर 10 मिनट पर रहीमाबाद थाना क्षेत्र के चैना गांव में भारी बारिश के कारण मिट्टी के एक मकान की दीवार गिर गई।
पुलिस के मुताबिक, मलबे में सुरेश (50), उनकी करीब 20 वर्षीय बेटी सलोनी और पुत्र रजनीश (24) दब गए।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए मलिहाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया।
कन्नौज जिले में लगातार बारिश के कारण 20 कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
अपर जिलाधिकारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि बारिश से किसी की मौत नहीं हुई है। उन्नाव में पिछले तीन दिनों से जारी बारिश के कारण गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव हो गया।
सोनिक क्षेत्र में बशीरतगंज टोल प्लाजा के पास करीब तीन फुट पानी भरने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
टोल कर्मियों के अनुसार पानी निकालने के लिए पंपसेट लगाए जा रहे हैं।
इस बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ‘एक्स’ पर जलभराव वाले गंगा एक्सप्रेसवे का वीडियो साझा करते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा और इसे ‘गंगा एक्सप्रेस वॉटरवे’ नाम दिया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जताया।
विभाग के अनुसार, रविवार को भी कई स्थानों पर बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पूर्वी मध्यप्रदेश और इससे सटे उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना दबाव क्षेत्र दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढ़ रहा है।
शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे इसका केंद्र प्रयागराज से करीब 230 किलोमीटर दक्षिण में था।
अयोध्या में बारिश और तेज हवाओं के कारण राम पथ, राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और सरयू क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई।
ग्रामीण इलाकों में बारिश और तेज हवाओं से खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को सतर्क रहने, प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और राहत व्यवस्था की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। रेड अलर्ट वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।राहत आयुक्त ने बताया कि पिछले 48 घंटों में अतिवृष्टि और आंधी-तूफान के कारण 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को अनुमन्य सहायता राशि तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने नेपाल में हो रही भारी बारिश के मद्देनजर सीमावर्ती जिलों, खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश में नदियों के जलस्तर पर नजर रखने और बाढ़ राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट रखने के निर्देश दिए हैं।
