सियोल: 20 अगस्त (ए) दक्षिण कोरिया ने कहा है कि उत्तर कोरिया ने देश के पूर्वी तट के पास एक संदिग्ध मिसाइल का प्रक्षेपण किया। योनहाप समाचार एजेंसी ने दक्षिण कोरियाई सेना के हवाले से बताया कि यह प्रक्षेपण बृहस्पतिवार को किया गया।
उत्तर कोरिया द्वारा संदिग्ध मिसाइल दागे जाने की खबर किम जोंग उन की शक्तिशाली बहन के उस बयान के एक दिन बाद आई, जिसमें उन्होंने दक्षिण कोरिया के साथ सैन्य अभ्यास घटाने के अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले को ज्यादा महत्व नहीं दिया था।उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन की बहन किम यो जोंग ने बुधवार को ही इन सैन्य अभ्यासों पर अपनी राय स्पष्ट कर दी थी। योनहाप ने उत्तर कोरिया की आधिकारिक एजेंसी केसीएनए के हवाले से बताया कि किम यो जोंग ने कहा था, “हम इस बात पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं कि अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच संयुक्त सैन्य अभ्यास जारी हैं, और यह उत्तर कोरिया के प्रति दुश्मनी का साफ संकेत है।” उन्होंने जोर देकर कहा था कि इन अभ्यासों का दायरा या अवधि कम करने से उनका “उकसावे वाला और आक्रामक स्वभाव” नहीं बदलता।
