मुंबई: एक अक्टूबर (ए) यूपीआई के जरिये लेनदेन सितंबर में मासिक आधार पर 1.8 प्रतिशत घटकर 2,407 करोड़ रहा। भारतीय रिजर्व बैंक के बृहस्पतिवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली।
भारतीय राष्ट्रीय भुगतान निगम (एनपीसीआई) द्वारा संचालित यूपीआई (एकीकृत भुगतान इंटरफेस) के जरिये अगस्त में 2,450 करोड़ लेनदेन हुए थे।
आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में यूपीआई के जरिये लेनदेन का कुल मूल्य भी 1.50 प्रतिशत घटकर 29.37 लाख करोड़ रुपये रहा, जो अगस्त में 29.82 लाख करोड़ रुपये था।
ये आंकड़े कारोबारियों के लिए अधिक राशि वाले यूपीआई भुगतान पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) लागू होने से करीब दो सप्ताह पहले आए हैं।
उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, लेनदेन में गिरावट का कारण अगस्त में 31 दिन और सितंबर में 30 दिन होना है। सितंबर में प्रतिदिन औसत लेनदेन 80.2 करोड़ रहा, जबकि अगस्त में यह 79.1 करोड़ था।
आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, एनपीसीआई द्वारा संचालित तत्काल भुगतान सेवा (आईएमपीएस) के जरिये 35.40 करोड़ लेनदेन हुए, जिनका कुल मूल्य 7.05 लाख करोड़ रुपये रहा।
वास्तविक समय पर सकल निपटान (आरटीजीएस) प्रणाली के जरिये सितंबर में 3.25 करोड़ लेनदेन हुए, जिनका मूल्य 235.71 लाख करोड़ रुपये रहा। वहीं, राष्ट्रीय इलेक्ट्रॉनिक निधि अंतरण (एनईएफटी) के जरिये सितंबर में 86.2 करोड़ लेनदेन हुए और इनका कुल मूल्य 46.75 लाख करोड़ रुपये रहा।
