नयी दिल्ली: एक मार्च (ए) ओमान के तट के पास भारतीय चालक दल के 15 सदस्यों वाले तेल टैंकर पर हमला हुआ है जिसमें चार व्यक्ति घायल हो गए हैं। स्थानीय अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र के अनुसार तेल टैंकर ‘स्काईलाइट’ पर ओमान के मुसंदम प्रांत के पास तट से लगभग पांच समुद्री मील उत्तर में हमला किया गया।ओमान के समुद्री सुरक्षा केंद्र के अनुसार, टैंकर पर कुल 20 लोग थे, जिनमें 5 ईरानी भी शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है, जिनमें से 4 लोग मामूली रूप से घायल हैं। यह हमला रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हुआ है।सूत्रों ने बताया कि नई दिल्ली संबंधित अधिकारियों के संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। विदेश मंत्रालय पहले ही पश्चिम एशिया में हालिया घटनाक्रम को लेकर चिंता जता चुका है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील कर चुका है।यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर है। ईरान ने जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है,जिससे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा हालात और संवेदनशील हो गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य और उसके आसपास के समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिए बेहद अहम हैं। ऐसे में इस तरह की घटनाएं अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति पर असर डाल सकती हैं।