रक्षाबंधन पर सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को दीं शुभकामनाएं

उत्तर प्रदेश लखनऊ
Spread the love

लखनऊ,22 अगस्त (ए)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कोरोना संक्रमण के दृष्टिगत लोगों से रक्षाबंधन का पर्व कोविड प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन करते हुए मनाए जाने की अपील की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बधाई संदेश में कहा है कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पारस्परिक प्रेम, स्नेह व विश्वास का त्योहार है। यह पर्व कर्तव्य, आत्मीयता, त्याग, सामाजिक एकता व सद्भाव की भावना का प्रतीक है। रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक पर्व तो है ही, यह भारत की गुरु-शिष्य परम्परा का त्योहार भी है।उन्होंने कहा है कि रक्षाबंधन का त्यौहार श्रावण पूर्णिमा के दिन मनाया जाता है। श्रावण मास में ऋषिगण आश्रम में रहकर अध्ययन और यज्ञ करते थे। श्रावण पूर्णिमा को मासिक यज्ञ की पूर्णाहुति होती थी। यज्ञ की समाप्ति पर यजमानों और शिष्यों को रक्षासूत्र बांधने की प्रथा थी, जिसका पालन रक्षाबंधन के रूप में भी किया जाता है।