पारादीप: 22 अगस्त (ए) ओडिशा के पारादीप तट से करीब 240 समुद्री मील दूर बंगाल की खाड़ी में पनामा के झंडे वाला एक मालवाहक जहाज शनिवार को डूब गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जहाज पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे और यह ओडिशा से लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा था। उसने शुक्रवार को ओडिशा के तट से अपनी यात्रा शुरू की थी। शनिवार को यह जहाज बंगाल की खाड़ी में डूब गया। जहाज के डूबने की सूचना मिलते ही आसपास मौजूद दूसरे जहाजों को भी अलर्ट किया गया, ताकि बचाव अभियान में मदद मिल सके। मालवाहक जहाज पर कुल 24 क्रू सदस्य मौजूद थे। एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी ने बताया कि इनमें से ज्यादातर सदस्य चीनी नागरिक थे। अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितने क्रू सदस्यों को सुरक्षित बचाया जा सका है। बचाव अभियान जारी है और अधिकारियों की नजर रेस्क्यू ऑपरेशन पर बनी हुई है।
