42 आईएएस अधिकारियों समेत 49 अधिकारियों के तबादले

राष्ट्रीय
Spread the love

श्रीनगर/जम्मू: सात अक्टूबर (ए) जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 42 आईएएस अधिकारियों समेत 49 अधिकारियों के तबादले और नियुक्ति के आदेश दिए। इनमें जम्मू के मंडलायुक्त और आठ जिलों के उपायुक्त भी हैं।

सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) के आदेश के अनुसार, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी विकास कुंडल को रमेश कुमार की जगह जम्मू का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। कुंडल जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड के अध्यक्ष पद से स्थानांतरित हुए हैं और उन्हें जम्मू महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।विकास कुंडल को जम्मू संभाग का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, मौजूदा मंडलायुक्त को दिल्ली में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग में सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पंचायती राज से जुड़े कामकाज के लिए रमेश को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।उधमपुर के उपायुक्त मिंगा शेरपा को जम्मू का नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, जम्मू के मौजूदा उपायुक्त राकेश मिन्हास को स्टेट हेल्थ एजेंसी, जम्मू-कश्मीर का निदेशक नियुक्त किया गया है। उधमपुर में मिंगा शेरपा की जगह अनंत द्विवेदी को नया उपायुक्त बनाया गया है।

राजोरी के उपायुक्त अभिषेक शर्मा का तबादला कर उन्हें कुपवाड़ा का नया डीसी बनाया गया है। वहीं, डॉ. देवांश यादव को राजोरी का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है। कुपवाड़ा के डीसी श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) का चेयरमैन बनाया गया है।सांबा की उपायुक्त आयुषि सूदन को जम्मू नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उनकी जगह डॉ. रुपेश कुमार को सांबा का नया उपायुक्त बनाया गया है। आयुषि सूदन और जम्मू के नए डीसी मिंगा शेरपा पति-पत्नी हैं।

बडगाम के डीसी अथर आमिर उल शफी खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गांदरबल के डीसी जतिन किशोर को बडगाम का नया उपायुक्त नियुक्त किया गया है, जबकि श्रेया सिंघल गांदरबल की नई डीसी होंगी।

पुलवामा में कुलदीप कृष्ण सिद्धा को नया उपायुक्त बनाया गया है। वहीं, पुलवामा के मौजूदा डीसी बशारत कयूम को श्रीनगर नगर निगम का कमिश्नर नियुक्त किया गया है।प्रशासनिक फेरबदल के तहत ममता यादव को निदेशक सूचना नियुक्त किया गया है। वहीं, विद्यु शेखर को जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इस बड़े फेरबदल के जरिए प्रशासन के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों की नई तैनाती की गई है। जिलों के उपायुक्तों से लेकर संभागीय स्तर और प्रमुख विभागों तक कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।राकेश मिन्हास को राज्य स्वास्थ्य एजेंसी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्रीकांत बालासाहेब सुसे को जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड का अध्यक्ष, आकृति सागर को जम्मू-कश्मीर पर्यटन विकास निगम का प्रबंध निदेशक और अतहर आमिर खान को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।