गुरुग्राम: 22 नवंबर (ए) हरियाणा के गुरुग्राम में शादी के दिन दूल्हे के कथित रूप से लापता होने के बाद दुल्हन सजे-धजे मंडप में बारात का इंतजार करती रह गई। इस दौरान उसके परिजन परेशान होकर दूल्हे के परिवार को फोन करते रहे, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।
यह घटना फर्रुखनगर क्षेत्र के मुबारकपुर गांव की है, जहां गांव की एक युवती की शादी कालियावास गांव के एक युवक से तय हुई थी। गांव के सरपंच सतबीर सिंह ने बताया कि 18 नवंबर को लग्न की रस्म हुई थी और शादी 20 नवंबर को होनी तय थी।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में लड़की का परिवार शादी पंचायत भवन में करना चाहता था, लेकिन लड़के पक्ष के सहमत नहीं होने पर विवाह समारोह एक बारात घर में आयोजित करने की व्यवस्था की गई।शादी के दिन रिश्तेदार और ग्रामीण समारोह स्थल पर जुटे। शाम करीब छह बजे दुल्हन शादी के जोड़े में मंडप में बैठकर बारात के आने का इंतजार करने लगी।
हालांकि, न तो दूल्हा पहुंचा और न ही बारात आई। दुल्हन के परिजनों के अनुसार, समय बीतने के साथ उनकी चिंता बढ़ती गई। उन्होंने दूल्हे के परिवार से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें कोई जवाब नहीं मिला।रात नौ बजे तक न तो दूल्हा पहुंचा और न ही उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी मिली। इसके बाद दुल्हन के परिजन गांव के सरपंच के साथ दूल्हे के घर पहुंचे।
तभी पता चला कि दूल्हा किसी को बताए बिना घर से चला गया था। दूल्हे के परिवार ने कथित तौर पर बताया कि वे उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराने पुलिस थाने गए थे, इसलिए दुल्हन के परिजनों के फोन का जवाब नहीं दे सके।सरपंच ने बताया, ”लड़की के पिता का निधन हो चुका है। उसका 20 वर्षीय भाई मजदूरी करता है और उसकी मां भी दिहाड़ी मजदूरी करती है। परिवार ने लड़की की शादी का खर्च उठाने के लिए अपनी पुश्तैनी जमीन तक बेच दी।”
उन्होंने बताया कि दुल्हन के परिवार ने शादी की तैयारियों पर करीब 25 से 30 लाख रुपये खर्च किए थे।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि दुल्हन ने अपने परिवार को परेशान किए जाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों को 26 नवंबर को थाने बुलाया है।
