पेड़ से टकराई कार, आठ की मौत

राष्ट्रीय
Spread the love

तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), 22 नवंबर (ए) जिले में रविवार को एक कार के नीम के पेड़ से टकरा जाने से उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि हादसा शाम करीब 4:05 बजे जंबुनाथपुरम पुलिस थाना क्षेत्र के तहत कोथुरपट्टी चार सड़क के पास हुआ। उस समय 10 लोग नमक्कल जिले के एरुमापट्टी में कान छिदवाने के एक समारोह में शामिल होने के बाद तंजावुर जिले के तिरुकाट्टुपल्ली लौट रहे थे।

पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने मुसिरी सरकारी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान तिरुकाट्टुपल्ली के महाराजापुरम निवासी माणिक्कम, मुरुगन, राजेश, शक्तिवेल (42) और सुब्रमणि; तंजावुर जिले के सथानूर निवासी संगिली; तथा विल्लुपुरम जिले के पावडई (50) और सीतारमन के रूप में हुई है।

सथानूर निवासी रामलिंगम और रामर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का मुसिरी सरकारी अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।