मेदिनीनगर: 22 नवंबर (ए) झारखंड के पलामू जिले में गृह प्रवेश समारोह में कथित तौर पर दूषित खाना खाने से 19 लोग बीमार हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुना खरडिहा गांव में हुई।
नौडीहा बाजार थाने के प्रभारी नीरज कुमार ने पत्रकारों को बताया, “प्रथम दृष्टया ऐसा लग रहा है कि समारोह में परोसे गए भोजन के कारण लोग बीमार हुए। खाने में पूड़ी, बूंदी और सब्जियों जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल थे। बीमारी की सही वजह मेडिकल टीम की रिपोर्ट मिलने के बाद पता चलेगी।”
पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीमार हुए 19 लोगों में आठ महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सभी का छतरपुर के एक अस्पताल में इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
श्रीवास्तव ने कहा, “घटना की जानकारी मिलने के बाद जरूरी दवाओं के साथ तीन मेडिकल टीमों को गांव भेजा गया।”
अधिकारियों ने बताया कि बीमारी की वजह का पता लगाने के लिए भोजन के नमूनों की जांच की जाएगी।
